सरगुजा

संतोष कुमार यादव को पीएचडी की उपाधि मिली
15-May-2026 10:23 PM
संतोष कुमार यादव को पीएचडी की उपाधि मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर,15 मई। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा (छत्तीसगढ़) द्वारा सीतापुर निवासी एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय में कार्यरत संतोष कुमार यादव को हिंदी विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उन्हें ‘हिंदी की लंबी कविता का प्रवर्तन और निराला: एक अध्ययन’ विषय पर किए गए शोध कार्य के लिए यह उपाधि प्रदान की गई।

संतोष कुमार यादव ने अपना शोध कार्य दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के सह-प्राध्यापक डॉ. राजकुमार उपाध्याय के निर्देशन में पूर्ण किया। डॉ. उपाध्याय के मार्गदर्शन में अनेक शोधार्थी शोध उपाधि प्राप्त कर चुके हैं।

अपने शोध कार्य में संतोष कुमार यादव ने तुलनात्मक अध्ययन, भाषिक संरचना, पौराणिक पुनर्पाठ, आत्मकथात्मक तत्व, सामाजिक चेतना, नाटकीय शिल्प, प्रभाव एवं परंपरा तथा आलोचनात्मक दृष्टि जैसे विभिन्न आयामों पर विस्तृत अध्ययन किया है।

पीएचडी की मौखिक परीक्षा विषय विशेषज्ञ डॉ. राजिंदर कुमार सेन, वरिष्ठ प्राध्यापक हिंदी विभाग, पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, पंजाब की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस दौरान संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी एवं सहायक कुलसचिव टेमन देवांगन भी उपस्थित रहे।

संतोष कुमार यादव अब तक 8 राष्ट्रीय एवं 5 अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस और सेमिनार में अपने शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। वहीं उनके 7 शोध पत्र प्रतिष्ठित जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं।

उनकी इस शैक्षणिक उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार टोप्पो, डॉ. रोहित कुमार बरगाह, डॉ. जुगल किशोर कुजूर, डॉ. सी. टोप्पो सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


अन्य पोस्ट