सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,15 मई। सरगुजा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनजागरूकता गतिविधियों को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने के उद्देश्य से आयोजित विशेष चयन प्रक्रिया के तहत 18 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित युवा अब पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स के साथ मिलकर जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करेंगे।
पुलिस विभाग से जारी जानकारी के अनुसार चयन प्रक्रिया के दौरान प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं साक्षात्कार आयोजित किया गया। साक्षात्कार में अभ्यर्थियों की संवाद क्षमता, सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक सहभागिता तथा जनहित कार्यों के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया में भार्गवी द्विवेदी ने प्रथम, आस्था गुप्ता ने द्वितीय तथा डिंपल चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य चयनित अभ्यर्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज सेवा के प्रति सकारात्मक सोच और जागरूकता का परिचय दिया।
पुलिस के अनुसार चयनित स्वयंसेवक भविष्य में सरगुजा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर जागरूकता, महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान सहित विभिन्न सामाजिक जनहित कार्यक्रमों में नि:शुल्क सेवाएं देंगे। इनका मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा समाज में जागरूकता बढ़ाना रहेगा।
गौरतलब है कि सरगुजा पुलिस वर्ष 2022 से सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स द्वारा स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में समय-समय पर साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
यह चयन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों, महिला थाना स्टाफ, साइबर वॉलंटियर्स एवं पुलिस मितानों की सक्रिय सहभागिता रही।


