सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 14 मई। सरगुजा जिला के उदयपुर क्षेत्र में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से 14 गायों की मौत हो गई। इस घटना से ग्रामीणों और पशुपालकों में शोक की लहर फैल गई।
गुरुवार को ग्राम पंचायत उदयपुर के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मृत गायों को श्रद्धापूर्वक अंतिम विदाई दी। उप सरपंच शेखर सिंह देव की पहल पर जेसीबी मशीन से मिर्गाडांड जंगल में गड्ढा खुदवाया गया, जहां हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सभी गायों का अंतिम संस्कार कर भू-समाधि दी गई।
जानकारी के अनुसार मृत 14 गायों में से अब तक केवल सात पशुपालकों की पहचान हो सकी है, जबकि शेष सात गायों के मालिकों का पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए पंजीयन तैयार किया।
इस दौरान सरपंच प्रताप सिंह, उप सरपंच शेखर सिंह देव, वार्ड पंच कुञ्जल रजवाड़े, देव नारायण यादव, भोला सोनी, राहुल सिंह, राहुल गुप्ता, जगदीश जायसवाल, निरंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


