सरगुजा

कल्याणपुर जंगल में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, ऑटो चालक से मोबाइल लूटा
13-May-2026 10:26 PM
कल्याणपुर जंगल में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, ऑटो चालक से मोबाइल लूटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 13 मई। शहर से लगे कल्याणपुर जंगल मार्ग पर मंगलवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने राहगीरों को निशाना बनाते हुए लूटपाट की। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर एक ऑटो चालक से मोबाइल लूट लिया, जबकि एक कार सवार परिवार सूझबूझ के चलते संभावित लूट की घटना से बच निकला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्याणपुर निवासी धर्मेंद्र यादव मंगलवार रात एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर जंगल के समीप पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने हथियार दिखाकर उन्हें डराया और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना से घबराए धर्मेंद्र यादव किसी तरह गांव पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान धर्मपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल अपने परिवार के साथ कार से उसी मार्ग से गुजर रहे थे। बदमाशों ने उनकी कार को भी रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने तत्परता दिखाते हुए वाहन की गति बढ़ा दी और सुरक्षित वहां से निकल गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन नहीं भगाया जाता तो बड़ी वारदात हो सकती थी।

घटना की सूचना बुधवार सुबह पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ संदिग्ध आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार ऑटो चालक धर्मेंद्र यादव की शिकायत पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


अन्य पोस्ट