सरगुजा

नीट-यूजी 2026 की विफलता पर आदित्येश्वर का केंद्र पर हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
13-May-2026 10:24 PM
नीट-यूजी 2026 की विफलता पर आदित्येश्वर का केंद्र पर हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 13 मई। नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर उत्पन्न विवाद एवं परीक्षा निरस्त होने के मुद्दे पर कांग्रेस नेता आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे देश के करोड़ों युवाओं के साथ ‘संगठित विश्वासघात’ बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की है।

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आदित्येश्वर सिंहदेव ने कहा कि सरगुजा जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के छात्र कठिन परिस्थितियों में कोचिंग और पुस्तकों का खर्च उठाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इसके बावजूद लगातार परीक्षा विवाद सामने आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 की घटनाओं से सबक नहीं लेना यह दर्शाता है कि प्रशासनिक तंत्र में सुधार की कोई गंभीर इच्छा नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की संपूर्ण कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार किया जाए और जिम्मेदार लोगों पर ठोस कार्रवाई हो।

आदित्येश्वर सिंहदेव ने एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि देशभर की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं आयोजित करने वाली संस्था में स्थायी कर्मचारियों की संख्या बेहद कम है और अधिकांश कार्य निजी आउटसोर्सिंग के भरोसे संचालित हो रहे हैं। ऐसे में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार केवल प्रचार तक सीमित रह गई है।

बकि वास्तविकता में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि केवल जांच की घोषणा करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने पूरे मामले की समयबद्ध न्यायिक जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के छात्रों के भविष्य को किसी भी हालत में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट