सरगुजा

सुशासन तिहार में खाद वितरण की पारदर्शिता की मांग, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने सौंपा पत्र
13-May-2026 10:17 PM
सुशासन तिहार में खाद वितरण की पारदर्शिता की मांग, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने सौंपा पत्र

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर,  13 मई। सुशासन तिहार 2026 के तहत किसानों की समस्याओं एवं खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भाजपा किसान मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव ने जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग को पत्र सौंपा है।

जिला नोडल अधिकारी सुशासन तिहार 2026 तथा उप संचालक कृषि विभाग सरगुजा को लिखे पत्र में उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान जिले को प्राप्त यूरिया एवं इफको खाद के आवंटन, वितरण और उपलब्धता संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में किसानों को सही एवं स्पष्ट जानकारी मिलना आवश्यक है, ताकि शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उन्होंने मांग की है कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा सरगुजा जिले के लिए आवंटित कुल यूरिया एवं इफको खाद की मात्रा का माहवार एवं सीजनवार विवरण सार्वजनिक किया जाए।

पत्र में विभिन्न कंपनियों से प्राप्त खाद की कंपनीवार मात्रा की जानकारी भी मांगी गई है। साथ ही विकासखंडवार वितरण, शेष स्टॉक, सोसायटीवार आपूर्ति तथा खरीफ 2024 और रबी 2024-25 सीजन में सीतापुर, बतौली, मैनपाट, लुंड्रा, उदयपुर, लखनपुर एवं अंबिकापुर क्षेत्रों में भेजी गई खाद की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

अनिल निराला ने खाद वितरण में कालाबाजारी एवं अधिक दर वसूली से संबंधित शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की है। इसके अलावा आगामी खरीफ 2025-26 सीजन के लिए केन्द्र सरकार को भेजी गई खाद मांग का विवरण साझा करने की अपील की गई है।

उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आने से किसानों को राहत मिलेगी और सुशासन तिहार का उद्देश्य भी सार्थक होगा।


अन्य पोस्ट