सरगुजा

बिजली व्यवस्था सुधार पर महापौर ने ली बैठक, अंडरग्राउंड विद्युतीकरण व नए उपकेंद्रों पर जोर
12-May-2026 10:09 PM
बिजली व्यवस्था सुधार पर महापौर ने ली बैठक, अंडरग्राउंड विद्युतीकरण व नए उपकेंद्रों पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 मई। शहर की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने और लगातार हो रही समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत ने विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में नए विद्युत पोल लगाने, क्षतिग्रस्त पोल व केबल बदलने, ट्रांसफार्मर और पोल शिफ्टिंग सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि गांधी चौक से महामाया चौक, सदर रोड और देवीगंज रोड तक अंडरग्राउंड विद्युतीकरण कार्य कराया जाएगा। इसके तहत इन मार्गों से बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर हटाए जाएंगे। महापौर ने मुख्यमंत्री विद्युतीकरण योजना के तहत नई बसाहट वाली कॉलोनियों और बस्तियों में नए खंभों के साथ विद्युतीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

महापौर ने लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू करने के लिए क्षतिग्रस्त केबल तत्काल बदलने, सडक़ किनारे लगे असुरक्षित ट्रांसफार्मरों की सेफ्टी और शिफ्टिंग सुनिश्चित करने तथा अधिक भार वाले मोहल्लों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस कार्य तेजी से किया जाए ताकि शहरवासियों को अनावश्यक विद्युत कटौती की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में तकिया और कतकालो स्थित पानी फिल्टर प्लांटों की विद्युत आपूर्ति बाधित होने से शहर की पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने पर चिंता जताई गई। महापौर ने इन क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही अंडरग्राउंड विद्युतीकरण वाले मार्गों के डामरीकरण कार्य को देखते हुए नगर निगम और विद्युत विभाग के बीच समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया गया।

शहर के लगातार विस्तार को देखते हुए अतिरिक्त 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने के लिए गंगापुर वार्ड, पुराना बस स्टैंड, ग़हीरागुरु वार्ड (मठपारा) और महामाया पहाड़ (घूटरापारा) में भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह विद्युत विभाग द्वारा किया गया। वहीं अजीरमा रेलवे स्टेशन के पास बीज भंडार क्षेत्र में उपकेंद्र स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध होने की जानकारी देते हुए जल्द कार्यालय प्रारंभ करने की बात कही गई।

बैठक में विद्युत विभाग के प्रभारी सदस्य मनीष सिंह, जल विभाग प्रभारी जितेंद्र सोनी, आकाश गुप्ता, विकास गुप्ता, कार्यपालन अभियंता शहर जयप्रकाश राजवाड़े, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण आर. सूर्यवंशी, सहायक अभियंता एस.के. गुप्ता, अग्नेश बंजारे, कैलाश देवांगन, कनिष्ठ अभियंता संगम कुमार पटेल आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट