सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 मई। झारखंड से अंबिकापुर पहुंचे एक यात्री का जेवर, नगदी और मोबाइल से भरा बैग बस में छूट गया, जिसे सरगुजा साइबर सेल की तत्परता से महज एक घंटे के भीतर वापस दिला दिया गया।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के पलामू जिले के कजरी थाना क्षेत्र निवासी श्रवण सिंह अपनी पत्नी के साथ गढ़वा रोड से बस द्वारा अंबिकापुर आए थे। अंबिकापुर पहुंचने के बाद वे परिवार सहित बस से उतर गए। कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी का लेडीज हैंड बैग बस में ही छूट गया है। बैग में सोने के आभूषण, नगदी राशि और मोबाइल रखा हुआ था।
मामले की जानकारी मिलते ही साइबर सेल अंबिकापुर के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा और उनकी टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने बस का पता लगाकर रास्ते में रुकवाया और तलाशी ली। जांच के दौरान यात्री का हैंड बैग बस में सुरक्षित मिला।
बैग में सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, 10 हजार रुपये नगद और मोबाइल सुरक्षित पाए गए। साइबर सेल के प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान और आरक्षक राहुल केरकेट्टा ने बैग उसके मालिक को सौंप दिया।
अपनी खोई हुई सामग्री वापस मिलने पर यात्री और उसके परिवार ने पुलिस टीम का आभार जताया।


