सरगुजा

सरगुजा पुलिस में हर रविवार होगी ऑनलाइन ट्रेनिंग
10-May-2026 11:22 PM
सरगुजा पुलिस में हर रविवार होगी ऑनलाइन ट्रेनिंग

पुलिसिंग सुधारने दिया जाएगा प्रशिक्षण

अंबिकापुर, 10 मई। पुलिस उप महानिरीक्षक सरगुजा के निर्देशानुसार जिले में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रत्येक रविवार को ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और कानूनसम्मत बनाना है।

जानकारी के अनुसार हर रविवार दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक दो घंटे का प्रशिक्षण आयोजित होगा, जिसमें पुलिस कार्यप्रणाली, न्यायालयीन प्रक्रिया तथा पुलिसिंग के विभिन्न आयामों से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल होंगे। आवश्यकता अनुसार विशेषज्ञ एवं अतिथि प्रशिक्षकों को भी शामिल किया जाएगा।

रविवार 10 मई को आयोजित प्रशिक्षण में शिकायतकर्ता के साथ व्यवहार, शिकायतों पर कार्रवाई की प्रक्रिया, अपराध पंजीबद्ध करने अथवा प्रारंभिक जांच से जुड़े नियम, अपराध में उचित धाराएं लगाने तथा विवरण लेखन संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सीसीटीवी फुटेज देखने तथा थानों में डीवीआर/एनवीआर संचालन एवं तकनीकी जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के थाना प्रभारी सहित कार्यालयीन अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और प्रशिक्षण प्राप्त किया।


अन्य पोस्ट