सरगुजा
अंबिकापुर, 10 मई। ‘सुशासन तिहार-2026’ के तहत शुक्रवार को मैनपाट विकासखंड के कमलेश्वरपुर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और अपनी मांगों एवं शिकायतों से प्रशासन को अवगत कराया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही कई हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित भी किया गया। शिविर में 905 आवेदन प्राप्त हुए।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर तक सुशासन पहुंचाना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 10 जून तक जारी रहेगा और शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा में निराकृत किया जाएगा।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल आवेदन लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों की समस्याओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों से जल्द आवास निर्माण पूरा करने की अपील भी की।
शिविर में कुल 905 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 890 से अधिक मांग संबंधी तथा 15 से अधिक शिकायतें शामिल रहीं। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।
सुशासन तिहार शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को तत्काल लाभ भी वितरित किया गया। कृषि विभाग की ओर से 50 प्रतिशत अनुदान पर 7 किसानों को स्प्रे पंप प्रदान किए गए, वहीं 3 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 12 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र तथा 10 नवजात शिशुओं के परिवारों को जन्म प्रमाण पत्र सौंपे गए। खाद्य विभाग ने 3 नए राशन कार्ड और मनरेगा के तहत 10 ग्रामीणों को जॉब कार्ड वितरित किए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 6 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पीएम जनमन और प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित आवास की प्रतीकात्मक ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी गई।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संतोषी पैकरा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रतनी नाग, जनपद उपाध्यक्ष अनिल सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं एसडीएम फागेश सिन्हा, तहसीलदार बाज, जनपद सीईओ श्रीमती खुशबू तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


