सरगुजा

अंबिकापुर में पेसापालो विश्व कप के लिए भारतीय टीम का कोचिंग कैंप शुरू
06-May-2026 10:43 PM
अंबिकापुर में पेसापालो विश्व कप के लिए भारतीय टीम का कोचिंग कैंप शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 मई। छत्तीसगढ़ पेसापालो संघ के तत्वावधान में अंबिकापुर में पेसापालो विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का कोचिंग शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 4 से 8 मई तक सेंट जेवियर उच्चतर माध्यमिक स्कूल मैदान में आयोजित हो रहा है, जिसमें देशभर से चयनित खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

आयोजन छत्तीसगढ़ पेसापालो संघ, गो ग्लोबल पेसापालो विकास न्यास एवं अंबिकापुर पेसापालो संघ के संयुक्त प्रयास से भारत पेसापालो महासंघ की अनुमति से किया जा रहा है। शिविर में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, तेलंगाना, दिल्ली, पंजाब और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से कुल 64 खिलाड़ी शामिल हुए हैं।

शिविर का उद्देश्य खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी दक्षता, शारीरिक फिटनेस, कौशल विकास और खेल रणनीति से प्रशिक्षित करना है, ताकि आगामी 12वें पेसापालो विश्व कप के लिए मजबूत टीम तैयार की जा सके। यह विश्व कप 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) में आयोजित होना प्रस्तावित है।

शिविर में पुरुष, महिला, कनिष्ठ, उप-कनिष्ठ और मिश्रित वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और विशेष प्रशिक्षण के अवसर दिए जाएंगे।

प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था नवीन प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में की गई है। खिलाडिय़ों के लिए संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आयोजन समिति में मरियम एडगी (आयोजन सचिव), मरुति नंदन मार्कम (राज्य सचिव) और चेतन पगावद (राष्ट्रीय सचिव) प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। शिविर में अनुभवी कोचों और अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों का मार्गदर्शन भी मिल रहा है।

आयोजन को विभिन्न खेल संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है और इसे सफल बनाने में स्थानीय खेल पदाधिकारी एवं सहयोगी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जानकारी मीडिया प्रभारी विकास गुप्ता ने दी।


अन्य पोस्ट