सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 मई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और नवीन शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के उद्देश्य से सेंट जेवियर बीएड कॉलेज अंबिकापुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अंबिकापुर कैथोलिक धर्मप्रांत के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के लगभग 400 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में धर्मप्रांत के विद्यालयों के निर्देशक जॉन जयसवाल कुजूर ने बताया कि सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, एमसीबी और बलरामपुर सहित पांच जिलों में एक साथ यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें 850 शिक्षकों ने सहभागिता की। उन्होंने बताया कि अंबिकापुर धर्मप्रांत में 208 विद्यालय और 3 महाविद्यालय संचालित हैं, जहां 2545 शिक्षक एवं करीब 70 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
इस अवसर पर डाइट के प्राचार्य के.सी. गुप्ता ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षण में डिजिटल तकनीक के उपयोग और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने संस्थानों से इस प्रकार के प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित कर शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों के रूप में डॉ. पुष्पा सिंह, पूनम सिंह, रेखा राय, सूरज कांती गुप्ता, दीप्ति शुक्ला, ममता किंडो एवं अंजलि बड़ा ने मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष विलियम उर्रे, बोनिफास कुजूर, जस्टिन तिग्गा एवं संतोष एक्का सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


