सरगुजा
अंबिकापुर, 5 मई। केंद्रीय जेल अंबिकापुर में बंद एक आजीवन कारावास प्राप्त कैदी की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि बंदी को पिछले कुछ दिनों से दस्त की शिकायत थी, जिसके चलते उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमसीबी जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुडरू निवासी 50 वर्षीय शिव प्रसाद अपनी पत्नी की हत्या के मामले में वर्ष 2021 से सजा काट रहा था। न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद उसे मनेंद्रगढ़ जेल से स्थानांतरित कर केंद्रीय जेल अंबिकापुर में रखा गया था।
बताया गया है कि 2 मई को शिव प्रसाद को दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद जेल अस्पताल में उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन अंबिकापुर पहुंचे, जिन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव सौंप दिया गया।
जेल प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में अन्य किसी बंदी में इस तरह की शिकायत सामने नहीं आई है। गर्मी और मौसम में बदलाव को देखते हुए सभी बंदियों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।