सरगुजा

कॉलेज प्राध्यापक की हरकतों से तंग छात्रा ने दर्ज कराई रिपोर्ट, आरोपी गिरफ्तार
05-May-2026 9:26 PM
कॉलेज प्राध्यापक की हरकतों से तंग छात्रा ने दर्ज कराई रिपोर्ट, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 5 मई। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक द्वारा छात्रा को अश्लील मैसेज भेजकर प्रताडि़त करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राध्यापक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, शासकीय राजमोहिनी कन्या महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक चंद्र किशोर कौशल वर्ष 2025 से पीडि़ता को व्हाट्सएप पर मैसेज भेज रहा था। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद आरोपी ने अक्टूबर-नवंबर 2025 के दौरान अश्लील फोटो और अभद्र संदेश भेजना शुरू कर दिया।

परेशान होकर पीडि़ता ने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया और इसकी जानकारी अपने परिजनों व महाविद्यालय प्रबंधन को दी, जहां आरोपी को चेतावनी भी दी गई थी।

इसके बावजूद आरोपी ने पीडि़ता को परेशान करना जारी रखा। इतना ही नहीं, पीडि़ता की एक मई 2026 को होने वाली शादी को भी आरोपी ने वर पक्ष को गुमराह कर तुड़वा दिया। साथ ही 27 फरवरी 2026 को आरोपी अपने साथियों के साथ पीडि़ता को सूनसान स्थान पर ले जाकर मोबाइल छीनकर फरार हो गया।

मानसिक प्रताडऩा, सामाजिक दबाव और अपमान से परेशान पीडि़ता ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी। इसी बीच 4 मई को आरोपी ने न्यायालय अंबिकापुर में आत्मसमर्पण कर दिया।

न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


अन्य पोस्ट