सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 मई। पश्चिम बंगाल, असम तथा पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए को मिली ऐतिहासिक और प्रचंड सफलता पर भाजपा सरगुजा द्वारा स्थानीय घड़ी चौक पर भव्य उत्सव मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर, आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर झालमुरा के साथ जीत का जश्न मनाते हुए कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला।
विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता प्राप्त होने पर भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया , विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर , संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह भामरा की उपस्थिति में स्थानीय घड़ी चौक पर कार्यकर्ताओं ने जम कर खुशियां मनाई।
विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मिली प्रचंड जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासवाद की जीत बताया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के नतीजों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार का गठन राज्य के इतिहास में एक नया अध्याय है।
यह जीत भारतीय जनसंघ के संस्थापक और बंगाल के महान सपूत अमर बलिदानी डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को बंगाल की जनता की ओर से दी गई सबसे सच्ची और भावपूर्ण श्रद्धांजलि है। जिस 'एक विधान, एक निशान और एक प्रधान' का सपना उन्होंने देखा था, बंगाल की जनता ने उस पर अपनी मुहर लगा दी है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की ऐतिहासिक बढ़त व शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और जनता के अटूट विश्वास की जीत बताया है। उन्होंने चुनाव परिणामों को छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने वाला बताया है। श्री सिसोदिया ने कहा कि यह जीत तुष्टीकरण और अराजकता के विरुद्ध राष्ट्रवाद और सुशासन की विजय है। बंगाल से लेकर पूर्वोत्तर तक की जनता ने संदेश दे दिया है कि देश की प्रगति केवल भाजपा के नेतृत्व में ही सुरक्षित है।
लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने मतदाताओं का हृदय से अभिनंदन करते हुए कहा कि जिन्होंने बंगाल में भय और भ्रम की राजनीति को नकारते हुए विकास, सुशासन और विश्वास के मार्ग को चुना। यह जनादेश स्पष्ट संदेश है देश अब स्थिरता, विकास और निर्णायक नेतृत्व चाहता है।
इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार का गठन तुष्टीकरण की राजनीति के अंत और विकासवाद की शुरुआत है। यह जीत उन लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम है जिन्होंने बंगाल के लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
इस अवसर पर युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए केंद्रीय नेतृत्व, छत्तीसगढ़ समेत संबंधित राज्यों के कर्मठ कार्यकर्ताओं और जनता जनार्दन का आभार व्यक्त किया है। श्री तोमर ने कहा कि यह नतीजे स्पष्ट करते हैं कि तुष्टीकरण की राजनीति का अंत हो चुका है और देश केवल 'राष्ट्रवाद' व 'अंत्योदय' की राजनीति को स्वीकार कर रहा है।
इस अवसर पर अंबिकेश केशरी , सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला महामंत्री विनोद हर्ष , अरुणा सिंह , मधुसूदन शुक्ला , संतोष दास, विकास पांडेय, चंद्रिका प्रसाद यादव , निश्चल प्रताप सिंह, जनेमेजय मिश्रा, रूपेश दुबे, मनोज गुप्ता, शुभांगी बिहाड़े, कमलेश तिवारी, दीक्षा अग्रवाल, प्रिया सिंह, निशांत सिंह सोलू , जातीन परमार, मनोज प्रसाद , सतीश सिंह, सुशांत घोष, दीपक यादव , संजीव वर्मा , रविकांत उरांव, अनिल तिवारी , विद्यानंद मिश्रा , देवेंद्र नाथ दुबे, प्रतीक दीक्षित, शिवमंगल सिंह, सौरव मिश्रा, विपिन पांडेय, श्वेता गुप्ता , प्रियंका चौबे, नीलू गुप्ता , बबली नेताम, चंदन शुक्ला , सरिता मिश्रा, विकास वर्मा, अनुराग शुक्ला , सर्वेश तिवारी अभिषेक सिंह देव, ममता तिवारी, शैलू सिंह, अभय साहू, प्रकाश साहू, सतीश शर्मा, बाली चरण यादव , अजय सोनी , भूमेन्द्र सिंह , प्रकाशमणि त्रिपाठी, दिनेश गुप्ता, अंशु दुबे, नेहा सोनवानी, अर्चना वर्मा, सरस्वती यादव , अभिषेक माथुर, वीर सोनी, राम प्रवेश पांडेय, विकास गुप्ता , विनोद मिश्रा , रवि विश्वकर्मा , अतीश सिंह, रमन, रमेश जायसवाल, विजय सोनी , संदीप ताम्रकार, सत्यम सिंह, सतीश सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।


