सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 अप्रैल। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में नए बस स्टैंड क्षेत्र स्थित शिवम मिष्ठान एवं डेली नीड्स पर खाद्य एवं औषधि विभाग तथा नगर निगम की संयुक्त टीम ने गुरुवार को छापेमारी कर बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान करीब 3 लाख रुपये मूल्य के उत्पाद बरामद किए गए, जिन्हें उपभोक्ताओं को बेचे जाने की तैयारी थी।
लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में जांच के दौरान दोनों दुकानों में भारी मात्रा में समय-सीमा पार कर चुके खाद्य पदार्थ पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए। साथ ही गंदगी फैलाने और एक्सपायरी सामग्री बेचने के आरोप में 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर अजीत बसंत के निर्देशन में की गई। खाद्य विभाग के अधिकारी नितेश कुमार मिश्रा ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि 27 अप्रैल से 11 मई तक प्रदेशभर में खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अंबिकापुर में लगातार दूसरे दिन जांच की गई, जिससे शहर के व्यापारियों में हडक़ंप की स्थिति बनी हुई है।


