सरगुजा
जन-जन तक मुद्दा ले जाने का संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 अप्रैल। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को घड़ी चौक में मंडल महिला मोर्चा द्वारा जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर नारेबाजी के माध्यम से विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम के अंत में पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया।
रैली का नेतृत्व महिला मोर्चा महामाया मंडल अध्यक्ष सरस्वती यादव एवं समलाया मंडल अध्यक्ष शालिनी सिंह ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के खिलाफ बताया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद हर्ष, विकास पांडेय, काशीनाथ तिवारी, वैभव सिंह देव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


