सरगुजा

आराधना को राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान
27-Apr-2026 9:03 PM
आराधना को राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान

सरगुजा के 6 शिक्षक भी सम्मानित

अंबिकापुर,27 अप्रैल। राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान सह शैक्षिक संप्रवाह 2025-26 का आयोजन 25 अप्रैल को राजधानी रायपुर स्थित स्वामी आत्मानंद प्रो. जे.एन. पाण्डेय शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सरगुजा जिले से 6 शिक्षकों का चयन किया गया, जिनमें अंबिकापुर की शिक्षिका आराधना तिवारी का नाम प्रमुख रूप से शामिल रहा।

शिक्षिका आराधना तिवारी, जो शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परसा में पदस्थ हैं, को उनके नवाचारी प्रयास दीवार पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ के लिए सम्मानित किया गया। इस नवाचार के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों में रचनात्मकता और लेखन कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। पिछले कुछ समय से परसा विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लेख राष्ट्रीय स्तर की बाल विज्ञान पत्रिका ‘चकमक’ में लगातार प्रकाशित हो रहे हैं, जो पूरे संभाग के लिए गर्व का विषय बन गया है।

रायपुर में आयोजित समारोह के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षिका आराधना तिवारी ने बताया कि पहले बच्चे लेखन कार्य से कतराते थे, लेकिन अब अन्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को देखकर वे भी प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीवार पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता बढ़ाने का माध्यम बनी है, बल्कि इससे उनकी विद्यालय में उपस्थिति भी बढ़ी है और वे समूह में कार्य करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य के अन्य शिक्षकों से भी अपने-अपने विद्यालयों में सभी विषयों के लिए इस प्रकार की दीवार पत्रिका तैयार करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय नवाचारी समूह भारत के सदस्यों और समिति का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह मंच योग्य शिक्षकों को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष राज्यभर से लगभग 700 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से तीन चरणों की प्रक्रिया के बाद 160 शिक्षकों का चयन किया गया।

संस्था प्रमुख एस. सूर्यवंशी ने बताया कि यह संस्था पिछले कई वर्षों से ऐसे शिक्षकों की तलाश कर उन्हें सम्मानित कर रही है, जो विभिन्न कारणों से शासन स्तर पर सम्मान से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों द्वारा शिक्षकों के लिए संचालित एक निष्पक्ष मंच है, जिसमें किसी प्रकार की प्रशासनिक या राजनीतिक भागीदारी नहीं होती।

कार्यक्रम माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर के उप सचिव पी. रघु, समग्र शिक्षा के उपसंचालक ए.के. सारस्वत, रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती, डीएमसी अरुण कुमार शर्मा तथा प्राचार्य सुचिता पाण्डेय की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विभिन्न शैक्षिक प्रस्तुतियां, प्रयोग तथा अन्य राज्यों से लाइव जुड़े शिक्षकों की सहभागिता रही, जिसने कार्यक्रम की व्यापकता को दर्शाया।

सरगुजा जिले से चयन प्रक्रिया में सुनील कुमार यादव, लव कुमार कश्यप, अंजली बड़ा तथा संदीप पाण्डेय का विशेष योगदान रहा।


अन्य पोस्ट