सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 26 अप्रैल। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सरगुजा डॉ. पी.एस. मार्को के निर्देश पर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब त्वचा रोगों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.के. सिन्हा माह में एक दिन लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी में अपनी सेवाएं देंगे।
निर्देशानुसार डॉ. सिन्हा ने निर्धारित तिथि से लखनपुर में नियमित रूप से माह में एक दिन उपस्थित रहकर त्वचा संबंधी रोगों का परीक्षण और उपचार करना शुरू कर दिया है। इस व्यवस्था से क्षेत्र के मरीजों को त्वचा संबंधी बीमारियों के उपचार के लिए अब अंबिकापुर जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता से लखनपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही त्वचा रोगों का त्वरित निदान और आवश्यक परामर्श आसानी से मिल सकेगा, जिससे मरीजों को समय और खर्च दोनों की बचत होगी।


