सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 अप्रैल। थाना गांधीनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा चरित्र पर संदेह करते हुए अपमानजनक बातें कहने से क्षुब्ध होकर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना गांधीनगर क्षेत्र अंतर्गत युवती की मृत्यु के मामले में जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों के बयान, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य तथ्यों के आधार पर पता चला कि मृतिका का झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत रूदीडीह निवासी गुलाम रसूल के साथ प्रेम संबंध था और दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी।
बताया गया कि 19 सितंबर 2025 को आरोपी गुलाम रसूल ने मृतिका को कई बार फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने मृतिका के चरित्र पर शंका जताते हुए गाली-गलौज की तथा अपमानजनक शब्द कहे। इससे आहत होकर मृतिका ने फोन काटने के तुरंत बाद अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे तलब किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


