सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 अप्रैल। थाना मणिपुर पुलिस ने लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए तीन मामलों का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, थाना मणिपुर पुलिस ने संदेह के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, असोला निवासी बृजलाल पैंकरा ने 31 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अक्टूबर की शाम वह जिला अस्पताल अंबिकापुर अपने भाई को भोजन देने गया था। इस दौरान उसने अपनी सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल स्टैंड में खड़ी की थी, जो कुछ समय बाद वहां से चोरी हो गई। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम बकना निवासी सद्दाम हुसैन और डंडगांव निवासी राम बहादुर दास उर्फ बहादुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी दीपक प्रजापति के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि दीपक प्रजापति को पहले ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो हीरो एचएफ डिलक्स और एक होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल जब्त की है। पूरी कार्रवाई में थाना मणिपुर, लखनपुर, गांधीनगर थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


