सरगुजा

पटाखा-प्लास्टिक दुकान अग्निकांड: प्रभावितों को मुआवजा व दोषियों पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
25-Apr-2026 10:00 PM
पटाखा-प्लास्टिक दुकान अग्निकांड: प्रभावितों को मुआवजा व दोषियों पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 अप्रैल। शहर के मध्य स्थित मुकेश प्लास्टिक एवं पटाखा दुकान में हुई भीषण आगजनी की घटना से प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने तथा संबंधित संस्थान के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 23 अप्रैल की दोपहर अंबिकापुर शहर के सघन आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में स्थित मुकेश प्लास्टिक एवं पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई थी। संकरी गली में स्थित इस संस्थान में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया था, साथ ही भवन का उपयोग प्लास्टिक सामग्री के भंडारण के लिए भी किया जा रहा था। अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थों में आग लगने से न केवल संस्थान पूरी तरह नष्ट हो गया, बल्कि आसपास के कई आवासीय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि संबंधित संस्थान के संचालकों के विरुद्ध तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही शहर में मौजूद इसी प्रकार के अन्य खतरनाक भंडारण स्थलों की पहचान कर उन्हें शहर से बाहर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि एक विशेषज्ञ समिति गठित कर आगजनी से प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का आकलन कराया जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर दोषी संस्थान के संचालकों से मुआवजा दिलाया जाए।

इस दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल द्वारा दिए गए बयान पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को शहर की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषी व्यवसायी के पक्ष में खड़े होने की बजाय प्रभावित नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, विनित विशाल जायसवाल, जमील खान, आशीष वर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह, अमित सिंह, दिनेश शर्मा एवं परवेज आलम गांधी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

दमकल व्यवस्था सुदृढ़ करने की भी मांग

कांग्रेस ने ज्ञापन में शहर की बढ़ती आबादी, भवनों की ऊंचाई तथा संकरी गलियों को ध्यान में रखते हुए दमकल विभाग को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके तहत दमकल कर्मियों को अग्निरोधी वस्त्र एवं आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, शहर के प्रमुख स्थानों पर दमकल वाहनों के लिए पानी भरने के स्थायी प्वाइंट बनाने तथा कर्मचारियों का नियमितिकरण कर उनके वेतन एवं सेवा शर्तों में सुधार करने की मांग भी की गई है।


अन्य पोस्ट