सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 24 अप्रैल। थाना क्षेत्र के लखनपुर अंतर्गत ग्राम कटकोना और अमेरा खदान की सरहद पर अवैध कोयला खनन के दौरान पत्थर में दबने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना की जानकारी दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से पत्थर हटवाकर शव को बाहर निकलवाया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल शुक्रवार सुबह नदी किनारे से अजीब दुर्गंध आने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां एक व्यक्ति पत्थर के नीचे दबा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से पत्थर हटवाकर शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान जयप्रकाश (पिता सुब्रन) निवासी ग्राम लोसगी, थाना लखनपुर के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक 22 अप्रैल बुधवार को प्रतिदिन की तरह कोयला लेने खदान क्षेत्र गया था। इसी दौरान कोयला खुदाई करते समय ऊपर से पत्थर गिरने से वह दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों को हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल व्याप्त है।
घुनघुट्टा नदी किनारे सैकड़ों अवैध गड्ढों से खनन
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार घुनघुट्टा नदी के किनारे अमेरा खदान से लगे क्षेत्र में कोयला माफियाओं द्वारा ग्रामीणों की मदद से सैकड़ों की संख्या में अवैध सुरंग बनाकर कोयले का उत्खनन किया जा रहा है। बड़े पैमाने पर अवैध खनन और परिवहन के बावजूद इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
बाइकों से हो रही कोयले की तस्करी
ग्रामीणों का कहना है कि अमेरा खदान क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह करीब 4 बजे से सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार पहुंचते हैं और बोरे में कोयला भरकर विभिन्न ईंट भट्टों तक पहुंचाते हैं। इससे शासन को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान होने की बात भी सामने आ रही है।


