सरगुजा
पशु चिकित्सक भोजन व स्वास्थ्य के सच्चे संरक्षक- डॉ. मिश्रा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 अप्रैल। विश्व पशु चिकित्सा दिवस प्रत्येक वर्ष अप्रैल माह के चौथे शनिवार को मनाया जाता है। इस वर्ष यह दिवस 25 अप्रैल को मनाया जाएगा। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. सी. के. मिश्रा ने कहा कि पशु चिकित्सक केवल पशुओं का उपचार ही नहीं करते, बल्कि मानव स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के भी महत्वपूर्ण संरक्षक होते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व पशु चिकित्सा दिवस की थीम ‘पशु चिकित्सक = भोजन और स्वास्थ्य के संरक्षक’ रखी गई है, जो पशु चिकित्सकों की बहुआयामी भूमिका को दर्शाती है। भारत एक कृषि प्रधान देश है, जहां कृषि के साथ पशुपालन भी किसानों की आय बढ़ाने का प्रमुख साधन है। ऐसे में पशुओं का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ पशुओं से दूध, अंडा और मांस उत्पादन में वृद्धि होती है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि पशु चिकित्सक न केवल बीमार पशुओं का उपचार करते हैं, बल्कि विभिन्न रोगों से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण भी करते हैं। इससे पशु रोगमुक्त रहते हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाता है कि पशुओं से प्राप्त होने वाले उत्पाद जैसे दूध, अंडा और मांस सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक हों।
उन्होंने बताया कि बढ़ती जनसंख्या के बीच खाद्य सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। भारत आज दूध उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर है तथा अंडा उत्पादन में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। इन उपलब्धियों में पशु चिकित्सकों का महत्वपूर्ण योगदान है, जो पशुओं की देखभाल, नस्ल सुधार और उत्पादन बढ़ाने में लगातार कार्य कर रहे हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि पशु चिकित्सक जूनोटिक बीमारियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनमें कुत्तों से फैलने वाला रेबीज, गायों से फैलने वाला ब्रुसेलोसिस तथा मुर्गियों से फैलने वाला बर्ड फ्लू जैसी बीमारियां शामिल हैं। इनसे बचाव के लिए नियमित टीकाकरण और जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सकों की भूमिका वन्य जीवों के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण है। वे नस्ल सुधार, रोगों की रोकथाम, उत्पादन वृद्धि और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपना योगदान देकर समाज और देश के भविष्य को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।


