सरगुजा

पटवारी दफ्तर में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
23-Apr-2026 11:14 PM
पटवारी दफ्तर में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 अप्रैल। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में पटवारी कार्यालय में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, गाली-गलौज व मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लोहे का चापड़ और घटना में प्रयुक्त हैरियर कार जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को सोहगा क्षेत्र के ग्राम कंठी पटवारी हल्का क्रमांक 03 में पदस्थ पटवारी ने थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 2.55 बजे वह अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहा था। उसी दौरान जितेन्द्र कुजूर उर्फ मोनू कार्यालय पहुंचा और आरआई सोहगा का नंबर मांगा। नंबर देने के बाद आरोपी ने पटवारी पर दबाव बनाया कि वह अपने मोबाइल से आरआई से उसकी बात कराए।

पटवारी द्वारा अपने मोबाइल से कॉल कराने से मना करने पर आरोपी भडक़ गया और गाली-गलौज करते हुए झूमाझपटी करने लगा। इस दौरान आरोपी ने हाथ-मुक्कों व कार्यालय में रखी कुर्सी से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपनी कार से लोहे का चापड़ लेकर आया और पटवारी व चौकीदार को दौड़ाकर भयभीत किया, जिससे दोनों जान बचाकर वहां से भाग गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना दरिमा में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर थाना दरिमा पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र उर्फ मोनू कुजूर (30 वर्ष), निवासी सोहगा खर्रापारा, थाना दरिमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चापड़ तथा हैरियर कार क्रमांक ष्टत्र/15/श्व्र/1158 जब्त किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 भी जोड़ी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना दरिमा पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट