सरगुजा

राशन दुकान से 139 क्विंटल चावल गबन, महिला विक्रेता गिरफ्तार
23-Apr-2026 11:02 PM
  राशन दुकान से 139 क्विंटल चावल गबन, महिला विक्रेता गिरफ्तार

अंबिकापुर, 23 अप्रैल। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित एक शासकीय उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न स्टॉक में गबन करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक महिला विक्रेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 139.49 क्विंटल चावल का गबन कर शासन को लगभग 5.51 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा में पदस्थ शिव कुमार मिश्रा द्वारा 11 मार्च को अंबिकापुर के महामाया वार्ड स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त दुकान का संचालन मार्च 2015 से समवृद्ध स्वयं सहायता समूह दर्रीपारा द्वारा किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्ष शोभा सिंह विक्रेता के रूप में कार्यरत थीं।

भौतिक सत्यापन के दौरान दुकान में 139.49 क्विंटल चावल की कमी पाई गई, जिसकी अनुमानित राशि लगभग 5 लाख 51 हजार 112 रुपये आंकी गई। मामले की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना में धारा 316(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान खाद्य शाखा से प्राप्त जांच प्रतिवेदन एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शोभा सिंह  निवासी दर्रीपारा, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने खाद्यान्न गबन की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि दुकान का लेखा-जोखा ऑनलाइन होने के कारण वह संबंधित रजिस्टर प्रस्तुत नहीं कर सकी।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।


अन्य पोस्ट