सरगुजा

मानव अधिकार संगठन के नाम पर वसूली, गिरोह के 6 गिरफ्तार, नगदी व वाहन जब्त
23-Apr-2026 12:18 AM
मानव अधिकार संगठन के नाम पर वसूली, गिरोह के 6 गिरफ्तार, नगदी व वाहन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/सीतापुर, 22 अप्रैल। मानव अधिकार संगठन का सदस्य बताकर ग्रामीणों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 हजार रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त एक इनोवा वाहन जब्त किया गया है।

मामले में राजेश कुमार अग्रवाल (डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा) के निर्देशन में सीतापुर थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार ग्राम नकना निवासी सुरेन्द्र कुमार ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अप्रैल की दोपहर करीब 12.30 बजे छह अज्ञात व्यक्ति स्वयं को मानव अधिकार संगठन का सदस्य बताते हुए जबरन घर में घुस गए और तलाशी लेने लगे। इस दौरान घर में शराब बनाने का आरोप लगाकर 20 हजार रुपये की मांग की और केस में फंसाने की धमकी दी। भयवश प्रार्थी ने 4 हजार रुपये दे दिए।

इसके बाद आरोपियों ने गांव के दूसरे पारा में पहुंचकर बिंदू महंत के घर में भी जबरन प्रवेश किया और इलाज के लिए रखी दवाइयों को देखकर क्लीनिक चलाने का आरोप लगाते हुए 1 लाख रुपये की मांग की। डरा-धमकाकर वहां से भी 1 हजार रुपये वसूल लिए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 139/26 धारा 308(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान आरोपियों की तलाश कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में बतौली, लुंड्रा सहित अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह लोगों को डराकर वसूली की है।

गिरफ्तार आरोपियों में श्यामलाल सारथी , रामाकांत मिंज , अनुज भगत , आकाश केरकेट्टा , अबित खेस  तथा एक महिला आरोपी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 5 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अन्य धाराएं जोड़ते हुए न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।


अन्य पोस्ट