सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 22 अप्रैल। थाना लखनपुर क्षेत्र के एक गांव में 57 वर्षीय विक्षिप्त महिला के साथ रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। पीडि़ता के परिजनों ने गांव के हरि राजवाड़े पर रेप का प्रयास और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने और पीडि़त पक्ष को धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
परिजनों के अनुसार घटना 31 मार्च की बताई जा रही है। बताया गया कि पीडि़ता महुआ बीनने जंगल की ओर गई थी, तभी आरोपी ने उसे जबरदस्ती पकडक़र एक सूनसान मकान में ले जाकर रेप की कोशिश की। इसी दौरान महिला की बेटी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया और महिला को बचा लिया गया।
पीडि़ता की बेटी ने घटना के तुरंत बाद लखनपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामला दर्ज करने के बजाय पीडि़ता को ही धमकाकर वापस भेज दिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि बाद में जांच के नाम पर घटनास्थल पहुंची पुलिस टीम ने भी पीडि़ता को धमकाया और मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया।
न्याय नहीं मिलने से आहत परिजनों ने बाद में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। शिकायत में आरोपी को बचाने तथा पीडि़त पक्ष को डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।
पीडि़ता के परिजनों का कहना है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है, इसके बावजूद पुलिस ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई। उन्होंने बताया कि शिकायत दिए जाने के बाद भी अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही मामले में कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी से ‘छत्तीसगढ़’ ने संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
पीडि़त परिवार ने उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।


