सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 अप्रैल। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ संयुक्त पेंशनर फेडरेशन के आह्वान पर पेंशनरों ने अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने छत्तीसगढ़ सरकार के समक्ष पेंशनरों की लंबित मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
सभा में वक्ताओं ने मुख्य रूप से धारा 49(छ) को विलोपित किए जाने, लंबित एरियर्स का शीघ्र भुगतान करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, पेंशनधारियों की आय को आयकर से मुक्त करने तथा पेंशनर्स कल्याण बोर्ड का गठन कर उसे सक्रिय करने की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन के बाद पेंशनरों द्वारा 14 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन अनंत सिन्हा, जवाहर गुप्ता, हरिशंकर सिंह, सुजान बिन्द, विनोद सिन्हा एवं राजमणि चौबे के नेतृत्व में कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से महामहिम राज्यपाल, माननीय मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को प्रेषित किया गया।
इस अवसर सामाजिक कार्यकर्ता अंकुर सिन्हा, सुरेश राम बुनकर एवं संजय ठाकुर ने भी मांगों का समर्थन करते हुए सभा को संबोधित किया और पेंशनरों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।


