सरगुजा

दुपहिया चोरी के 2 आरोपी गिरफ्तार
21-Apr-2026 11:37 PM
दुपहिया चोरी के 2 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 अप्रैल। सरगुजा पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 7 मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त वाहनों की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भगवानपुर सुभाषनगर निवासी शिवम रवानी ने 10 अप्रैल को थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अप्रैल को जिला अस्पताल अंबिकापुर में इलाज कराने के दौरान उनकी अपाचे मोटरसाइकिल अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई। रिपोर्ट के आधार पर थाना मणिपुर में धारा 305(बी) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

दोपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना मणिपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल आरोपी दीपक प्रजापति निवासी बरगीडीह थाना लुंड्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने शहर और आसपास के क्षेत्रों से विभिन्न स्थानों जैसे चांदो बाजार, मिशन अस्पताल, महामाया चौक तथा जिला अस्पताल परिसर से कई मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 6 मोटरसाइकिल बरामद कीं। वहीं एक अपाचे मोटरसाइकिल अपने साथी जावेद खान  निवासी बरगीडीह थाना लुंड्रा को देने की जानकारी मिली। पुलिस ने जावेद खान को तलब कर पूछताछ की, जहां से उक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से  7 मोटरसाइकिल जब्त की है, जिनकी कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है।


अन्य पोस्ट