सरगुजा
भूमिपूजन में सांसद बृजमोहन व मंत्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अप्रैल। अग्रवाल समाज द्वारा भव्य अग्रोहा पैलेस बनाया जा रहा है, जिसका भूमिपूजन रविवार को बहुत ही धूमधाम से किया गया।
समाज द्वारा बनाए जाने वाले अग्रोहा पैलेस में डेढ़ सौ सुसज्जित कमरे, दो बड़े हॉल, छोटे हाल व एक बड़ा लॉन बनाया जाएगा। साथ ही पैलेस में पार्किंग सहित वह तमाम सुविधा होगी, जो एक फाइव स्टार होटल में होती हैं।
भवन बनाने का उद्देश्य है कि समाज का पुराना भवन अब समय की मांग के साथ छोटा पडऩे लगा है। अग्रवाल समाज के साथ साथ सर्व समाज मेँ शादी समारोह व अन्य समारोह के लिए होटल बुक किया जाता है जो कि समय के साथ बहुत महंगा हो गया है। यह भवन अंबिकापुर-रायगढ़ रोड पर लालमाटी में बनेगा जो कि 6 एकड़ भूमि में बनेगा।
अग्रवाल सभा व अग्रोहा पैलेस के अध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि भवन के लिए भूमि क्रय करने व बनाने के लिए 41 ट्रस्टियों के साथ साथ कमरे व हॉल के लिए दान-दाताओं का सहयोग लिया जाएगा।
यह भवन सभी समाज के लिए होगा, जिसमें निम्न व मध्यम वर्ग के लिए बहुत ही कम दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। भूमिपूजन अक्षय तृतीया के शुभ दिवस पर किया जा रहा है। भूमिपूजन में समाज के सभी वर्ग बड़ी संख्या मेँ उपस्थित रहे। बाहर से आये पुजारियों द्वारा मंत्र जाप के साथ भूमिपूजन संपन्न कराया।
भूमिपूजन समारोह में संजय मित्तल ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह पैलेस अंबिकापुर ही नहीं सरगुजा की भी पहचान बनेगा। यह भवन मिल का पत्थर साबित होगा।
रायपुर से पहुंचे सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि समाज हमेशा से सेवाभावी रहा है। यह भवन अगर निम्न व मध्यम वर्ग को कम दर पर उपलब्ध करवाया जाएगा तो उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी प्रस्तावित पैलेस की सराहना करते हुए कहा कि इस पैलेस के बनने से कम आय वाला परिवार भी अपने बच्चों की शादी भव्य रूप में कर पायेगा, जो कि सभी पालकों का सपना रहता है।
कार्यक्रम में मंच पर छत्तीसगढ़ वैश्य समाज के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, अग्रवाल सभा पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सभापति अजय अग्रवाल, रेड क्रॉस सोसाइटी सूरजपुर के अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल,अग्रोहा धाम के चेयरमेन विनोद अग्रवाल, महामंत्री कृष्ण अग्रवाल मंच संचालक विकास अग्रवाल, ट्रस्टी, दानदाताओं के साथ साथ बड़ी संख्या मेँ अग्रवाल समाज गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


