सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अप्रैल। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ सरगुजा के तत्वावधान में श्री साईं बाबा डे बोर्डिंग स्कूल, सरगवा (अंबिकापुर) में आयोजित बेसिक स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन प्रशिक्षण शिविर के छठवें दिन ‘महाशिविर ज्वाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 13 से 19 अप्रैल तक आयोजित किया गया, जिसमें सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन कमिश्नर डॉ. दिनेश कुमार झा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। शिविर में 45 स्काउटर एवं 57 गाइडर सहित कुल 102 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। इनके मार्गदर्शन के लिए 10 प्रशिक्षक, 11 जिला स्तरीय स्टाफ तथा 12 रोवर-रेंजर सहित कुल 135 सदस्य सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिविर का संचालन अनुभवी प्रशिक्षक मंडल के निर्देशन में सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।
सायंकाल आयोजित ‘महाशिविर ज्वाल’ कार्यक्रम के दौरान प्रज्वलित अग्नि के समक्ष स्काउटर-गाइडर ने सेवा, अनुशासन, त्याग एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। इस दौरान वातावरण में देशभक्ति और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. दिनेश कुमार झा ने कहा कि स्काउटिंग केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण बनाने वाली जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि शिक्षक यदि स्काउटिंग के मूल्यों को अपनाते हैं, तो वे विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करते हुए पंथी, सुआ एवं करमा जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केप्टन उमेद सिंह चरण, अध्यक्ष सैनिक कल्याण बोर्ड, विशिष्ट अतिथि के रूप में रविशंकर तिवारी सहायक संचालक, विजय इंगोले अध्यक्ष श्री शिरड़ी साई शिक्षण समिति, अजय इंगोले सचिव, प्राची गोयल प्राचार्य श्री साईं बाबा स्कूल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, स्काउटिंग परिवार के सदस्य एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही।


