सरगुजा
अंबिकापुर, 19 अप्रैल। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 26 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 19 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी क्वार्टर में रहने वाले 26 वर्षीय देवेश ने अज्ञात कारणों के चलते अपने कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि युवक ने अपने ही कमरे में यह कदम उठाया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।