सरगुजा

परशुराम जन्मोत्सव आज, विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए प्रभारियों को सौंपा जिम्मा
18-Apr-2026 9:55 PM
परशुराम जन्मोत्सव आज, विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए प्रभारियों को सौंपा जिम्मा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,18 अप्रैल। सरगुजा संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में भगवान परशुराम जन्मोत्सव को भव्य एवं दिव्य रूप से मनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रविवार 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव है, इस अवसर पर शहर में समाज के द्वारा भव्य रूप से शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

समाज के अध्यक्ष आई.बी. तिवारी द्वारा आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न कार्यों का जिम्मेदारीवार विभाजन किया गया है।

जारी जानकारी के अनुसार आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु ध्वज निर्माण एवं स्थापना, फ्लेक्स और होर्डिंग्स की व्यवस्था, शोभायात्रा के लिए बग्घी की व्यवस्था, स्वस्तिवाचन वाहन, आरती रथ सजावट, साउंड सिस्टम, भंडारा, अखंड रामायण, जल व्यवस्था, मंच सजावट, भोजन व्यवस्था, प्रसाद वितरण तथा प्रचार-प्रसार सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा के सुचारू संचालन, अनुशासन बनाए रखने तथा धार्मिक गरिमा के अनुरूप आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष टीमों का गठन किया गया है। महिला समिति, युवा समिति तथा अन्य सहयोगी दलों को भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी गई है।

समाज के अध्यक्ष आई.बी. तिवारी ने सभी प्रभारियों और समाज के सदस्यों से अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया है, ताकि भगवान परशुराम जन्मोत्सव का आयोजन भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न हो सके।


अन्य पोस्ट