सरगुजा

जीवन ज्योति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने उत्तर छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को दी नई पहचान
18-Apr-2026 9:51 PM
जीवन ज्योति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने उत्तर छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को दी नई पहचान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,18 अप्रैल। उत्तर छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जीवन ज्योति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने एक नया मानदंड स्थापित किया है। अस्पताल का उद्देश्य शुरू से ही यह रहा है कि क्षेत्र के लोगों को गंभीर से गंभीर स्थिति में भी रायपुर या बिलासपुर जैसे बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े, बल्कि सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

शनिवार को एक आयोजन के दौरान अस्पताल के सीईओ डॉ. संतोष ने आगे की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल की शुरुआत वर्ष 1983 में अंबिका क्लिनिक के रूप में हुई थी, जो आज चार दशकों की निरंतर प्रगति के बाद एक अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी हेल्थकेयर सेंटर के रूप में विकसित हो चुका है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, आधुनिक तकनीक और मरीज केंद्रित सेवाओं के माध्यम से विश्वस्तरीय उपचार प्रदान किया जा रहा है।

अस्पताल के मुख्य सलाहकार पैथोलॉजिस्ट डॉक्टर आकाश सिंह ने बताया कि अस्पताल में समय-समय पर सेवाओं का विस्तार किया गया है। वर्तमान में यहां एडवांस डायग्नोस्टिक सेंटर, इको, अल्ट्रासोनोग्राफी, एंडोस्कोपी, सीटी स्कैन, एमआरआई, ट्रॉमा केयर सेंटर, कैथ लैब तथा आईवीएफ सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पहले जहां कई जांचों के लिए मरीजों को बाहर जाना पड़ता था, वहीं अब अधिकांश उन्नत जांचें अस्पताल में ही संभव हो गई हैं।

जीवन ज्योति अस्पताल में इंटरनल मेडिसिन, क्रिटिकल केयर, इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, पीडियाट्रिक्स, पल्मोनोलॉजी, त्वचा रोग, नेत्र चिकित्सा, दंत चिकित्सा, मनोरोग, फिजियोथेरेपी और पुनर्वास जैसी बहु-विशेषज्ञता सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं।

अस्पताल में चौबीसों घंटे आपातकालीन सेवाएं भी संचालित की जाती हैं। इनमें आईसीयू, एनआईसीयू, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस यूनिट, लेबर रूम, एम्बुलेंस सेवा, फार्मेसी और प्रयोगशाला सुविधाएं शामिल हैं। ट्रॉमा एवं इमरजेंसी केयर के लिए प्रशिक्षित टीम हर समय उपलब्ध रहती है, जिससे दुर्घटना, हार्ट अटैक, स्ट्रोक या अन्य गंभीर स्थितियों में त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

आईवीएफ एवं महिला स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. स्नेहा सिंह ने बताया कि आईवीएफ क्लिनिक की स्थापना से उन दंपतियों को बड़ी सहायता मिलनी शुरू हो गई है, जो संतान सुख की इच्छा रखते हैं। आने वाले समय में यह केंद्र आधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की टीम के साथ क्षेत्र में उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का नया अध्याय जोड़ेगा। इसके लिए लोगों के विश्वास की जरूरत है। आयोजन के दौरान वरिष्ठ पार्षद विजय सोनी, अस्पताल के चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद थे।

ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आईवीएफ उपचार में छूट

अस्पताल की मैनेजिंग डायरेक्टर संध्या सिंह ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य लोगों को भरोसेमंद और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को संतान सुख से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए आईवीएफ उपचार पर पच्चीस प्रतिशत की छूट दी जाएगी। साथ ही उपचार की राशि दस किस्तों में जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधा

अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. जे. के. सिंह ने बताया कि संस्था मरीजों की सुविधा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं लागू की गई हैं, जिससे समाज के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

अस्पताल वर्तमान में कई सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं, बीमा कंपनियों और कॉर्पोरेट संस्थाओं से जुड़ा हुआ है, जिससे मरीजों को किफायती और सुविधाजनक उपचार मिल रहा है। संस्था का लक्ष्य आने वाले समय में पूरे भारत में एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में अपनी पहचान स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि हमारे अस्पताल के ट्रॉमा केयर में सेवा लेने वाले वरिष्ठ नागरिकों को एक वर्ष तक फॉलो-अप कंसल्टेशन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।


अन्य पोस्ट