सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,18 अप्रैल। नगर पंचायत लखनपुर स्थित गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थियों ने गुरुवार को थाना लखनपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे। भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से अवगत कराना एवं जागरूकता बढ़ाना रहा।
भ्रमण के दौरान थाना परिसर में बच्चों को पुलिस कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच, साइबर अपराध, सीसीटीएनएस प्रणाली तथा यातायात नियमों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने थाना प्रभारी से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में उत्तर दिया। थाना भ्रमण के पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी संपत पोटाई सहित पिताम्बर सिंह, अमित गुप्ता, दशरथ राजवाड़े तथा अन्य पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।


