सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
विश्रामपुर, 18 अप्रैल। जिला सूरजपुर के मदनपुर स्थित पार्वती इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग रिसर्च एंड मैनेजमेंट शिक्षा महाविद्यालय में सत्र 2025-26 के अंतर्गत 15 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बी.एड. के प्रशिक्षार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ की गई। इस अवसर पर प्रशिक्षार्थियों ने महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की तथा डॉ. आंबेडकर के जीवन एवं उनके आदर्शों पर आधारित एक लघु नाटिका की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. छविरानी मंडल ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों एवं देश के लिए उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। सहायक प्राध्यापक जयमाला सिंह ने नारी सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान, समानता एवं स्वतंत्रता के विषय में डॉ. अंबेडकर के योगदान को विस्तार से बताया।
वहीं सहायक प्राध्यापक संतोष कुमार रानाड़े ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके सामाजिक कार्यों तथा छुआछूत, असमानता एवं जातिगत भेदभाव को समाप्त करने में उनके योगदान पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षार्थियों द्वारा भाषण एवं कविता पाठ भी प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक प्रीति सोनी, अरुण कुमार दुबे, अपराजिता कैवर्त्य, निशा गुप्ता, सुनीता राज, निशा सरकार सहित महाविद्यालय के सभी प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।


