सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 अप्रैल। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। अंतिम नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासनिक अमले ने कमलेश्वरपुर क्षेत्र के रोपाखार में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई को देखते हुए पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोपाखार में अतिक्रमण कर बनाए गए 16 मकानों को हटाने की प्रक्रिया पूर्व में पूरी कर ली गई थी। शुक्रवार सुबह प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की। रोपाखार चौक से कार्निवाल ग्राउंड के बीच बने चार मकानों को सबसे पहले तोड़ा जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से कुल कितने मकानों को हटाया जाएगा, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध भी किया। सुबह प्रशासनिक अमला पहुंचते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विरोध के बीच प्रशासन ने लोगों को अपने घरों से सामान निकालने के लिए कुछ समय की मोहलत दी, जिसके बाद बुलडोजर से मकानों को तोडऩे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
मौके पर सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह भी मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
बताया जा रहा है कि रोपाखार क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माल रोड निर्माण की योजना स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के लिए 44 लोगों को शासकीय भूमि से बेजा कब्जा हटाने का नोटिस जारी किया गया है। शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण के कारण पर्यटन विकास के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही थी, जिसके चलते प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है।


