सरगुजा

सरगुजा में बढ़ी गर्मी, तापमान 39 डिग्री पार
16-Apr-2026 8:49 PM
सरगुजा में बढ़ी गर्मी, तापमान 39 डिग्री पार

4 दिन लू का अलर्ट, 20 से स्कूलों में ग्रीष्म अवकाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 अप्रैल। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में इन दिनों गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पश्चिम दिशा से आ रही गर्म हवाओं के कारण बीते 48 घंटों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बुधवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। गुरुवार को भी तापमान 39 डिग्री के पार बना रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा, वहीं शाम के बाद भी राहत नहीं मिल सकी।

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक क्षेत्र में हीट वेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राजस्थान की ओर से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रही हैं, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्तमान में किसी भी प्रकार का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मौसम साफ बना हुआ है और तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है।

अप्रैल के शुरुआती दिनों में लगातार बन रहे पश्चिमी विक्षोभ और वातावरण में नमी के कारण तापमान अपेक्षाकृत कम था। उस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना हुआ था। हालांकि अब मौसम में बदलाव के साथ ही तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे गर्मी का असर तेज हो गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र अंबिकापुर के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। इसके साथ ही दोपहर बाद स्थानीय प्रभाव के कारण तेज अंधड़ चलने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए राज्य शासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अहम निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथि में आंशिक संशोधन करते हुए 20 अप्रैल से छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। यह अवकाश 20 अप्रैल से शुरू होकर 15 जून तक जारी रहेगा।

प्रशासन का मानना है कि बढ़ती गर्मी और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए समय रहते यह निर्णय लिया गया है। अभिभावकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है।

कुल मिलाकर, सरगुजा संभाग में गर्मी का प्रकोप अब तेज हो गया है और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की आवश्यकता है।


अन्य पोस्ट