सरगुजा

15 दिन में 60 गुमशुदा मिले
16-Apr-2026 8:44 PM
 15 दिन में 60 गुमशुदा मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 अप्रैल। जिला सरगुजा में चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश एवं अभियान मुस्कान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक  से 15 अप्रैल के बीच जिले की पुलिस टीम ने 60 गुमशुदा लोगों को खोजकर सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशन में यह अभियान पूरे अप्रैल माह तक चलाया जा रहा है।डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को गुमशुदा व्यक्तियों की अधिक से अधिक संख्या में तलाश कर उन्हें परिजनों को सुपुर्द करने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत पुलिस टीमों ने गुमशुदा लोगों के परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा और तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए खोजबीन तेज की।

दस्तयाब किए गए 60 गुमशुदा लोगों में 44 महिलाएं, 9 पुरुष और 7 नाबालिग बालिकाएं शामिल हैं। सभी को सकुशल उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

थाना-वार उपलब्धि की बात करें तो थाना दरिमा पुलिस टीम ने सर्वाधिक 10 गुमशुदा लोगों को बरामद किया। इसके अलावा थाना अंबिकापुर कोतवाली ने 7, गांधीनगर ने 9, लखनपुर ने 7, उदयपुर ने 5, लुंड्रा ने 4, मणिपुर ने 3, कमलेश्वरपुर ने 3, बतौली ने 2, धौरपुर ने 2 तथा सीतापुर थाना ने 1 गुमशुदा व्यक्ति को खोज निकाला।

मुस्कान अभियान के तहत 7 नाबालिग बालिकाओं को भी दस्तयाब किया गया, जिनमें कोतवाली थाना से 4, गांधीनगर से 1, बतौली से 1 और कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र से 1 नाबालिग बालिका शामिल है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास जारी हैं और यह अभियान पूरे अप्रैल माह तक संचालित रहेगा, जिससे और अधिक गुमशुदा लोगों को खोजकर उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।-


अन्य पोस्ट