सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 15 अप्रैल। भारतीय संविधान के निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से भाजपा अनुसूचित मोर्चा मंडल बतौली द्वारा कूडक़ेल गांव में जयंती समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर गांव के वृद्ध महिला-पुरुषों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन और उनके द्वारा देशहित में किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज को समानता और अधिकारों का मार्ग दिखाया, जिसे अपनाकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। वहीं किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष जितेश्वर पाठक, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र पैंकरा और नानमनी पैंकरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री विश्वनाथ यादव, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष ओमप्रकाश सोनवानी, विनोद सारथी, सत्यनारायण गुप्ता, कमलेश्वरी पैंकरा, देवप्रसाद सिंह, भारत यादव, विवेक सोनवानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


