सरगुजा

बजट में देरी पर नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल, 15 दिन में सामान्य सभा नहीं बुलाई तो आंदोलन की चेतावनी
15-Apr-2026 9:31 PM
बजट में देरी पर नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल, 15 दिन में सामान्य सभा नहीं बुलाई तो आंदोलन की चेतावनी

अंबिकापुर, 15 अप्रैल। वित्तीय वर्ष समाप्त होने के 15 दिन बाद भी नगर निगम का बजट सामान्य सभा में प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे घोर लापरवाही और प्रशासनिक विफलता बताते हुए कहा कि बजट में देरी यह दर्शाती है कि नगर सरकार के पास शहर के विकास को लेकर कोई स्पष्ट विजन नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सामान्य सभा की बैठक नहीं बुलाई गई, तो कांग्रेस सडक़ों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

उन्होंने कहा कि बजट केवल औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि शहर के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण रोडमैप होता है। इसमें पक्ष और विपक्ष के सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से विकास की प्राथमिकताएं तय होती हैं, लेकिन इस बार बजट में हुई देरी से सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन जनता और पार्षदों—दोनों की उपेक्षा कर रहा है। पार्षदों को अपने-अपने वार्ड की समस्याएं रखने के लिए उचित मंच तक नहीं मिल रहा, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ अन्याय है।

नगर निगम अधिनियम का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हर दो महीने में सामान्य सभा की बैठक अनिवार्य है, लेकिन इस नियम का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछली सामान्य सभा 16 अक्टूबर 2025 को करीब चार महीने की देरी के बाद बुलाई गई थी, जबकि अब छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद फिर से बैठक आयोजित नहीं की गई है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सामान्य सभा ही वह मंच है, जहां पार्षद अपने वार्ड की सडक़, बिजली, पानी, आंगनवाड़ी, सफाई और राशन वितरण जैसी मूलभूत समस्याएं उठाते हैं और अधिकारियों की जवाबदेही तय होती है।

बैठक नहीं होने से समस्याओं का समाधान प्रभावित हो रहा है और जनप्रतिनिधियों तथा आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है।

अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सामान्य सभा की बैठक नहीं बुलाई गई, तो कांग्रेस सडक़ों पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट