सरगुजा

नजूल लीज नवीनीकरण में परेशानी, पार्षद आलोक दुबे ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
14-Apr-2026 10:32 PM
नजूल लीज नवीनीकरण में परेशानी, पार्षद आलोक दुबे ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर, 14 अप्रैल। नगर निगम क्षेत्र में नजूल भूमि लीज के नवीनीकरण में आ रही परेशानियों को लेकर पार्षद आलोक दुबे ने कलेक्टर अजीत बसंत को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।

उन्होंने बताया कि शहर के करीब 20 हजार नजूल भूमि लीज पट्टाधारियों में से लगभग 80 प्रतिशत मामलों में लीज की अवधि 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुकी है, जिससे नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि लीज नवीनीकरण नहीं होने के कारण सबसे अधिक परेशानी शहर के व्यापारियों को हो रही है, जिन्होंने अपनी नजूल भूमि के पट्टों को बैंक में मॉर्गेज रखकर ऋण एवं लिमिट ले रखी है।

बैंक की ऑडिट टीम द्वारा लीज नवीनीकरण नहीं होने पर लिमिट बंद करने की चेतावनी दी जा रही है, जिससे व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

इसके साथ ही नजूल भूमि लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया में देरी के चलते जमीन दलालों की सक्रियता बढऩे और लाखों रुपये की उगाही की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिक एवं व्यापारी वर्ग परेशान है।

पार्षद आलोक दुबे ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर निगम के सभी वार्डों में नजूल तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों सहित अतिरिक्त राजस्व अमले की तैनाती कर शिविर लगाकर मौके पर सत्यापन कराया जाए। उन्होंने भू-राजस्व संहिता की धारा 165 एवं 182 के तहत प्राथमिकता से लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर 30 वर्ष की अवधि के लिए नवीनीकरण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।


अन्य पोस्ट