सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 अप्रैल। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीपुर में एक 21 वर्षीय नवविवाहिता की डूबने से मौत हो गई। यह घटना घुनघुट्टा डैम में नहाने के दौरान हुई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोतीपुर निवासी शिवकुमारी का विवाह कुछ माह पूर्व ही हुआ था। 11 अप्रैल को वह अपने पति और परिचित जितेंद्र सिंह के साथ घूमने के लिए घुनघुट्टा डेम गई थी। इस दौरान सभी लोग डेम में नहा रहे थे, तभी शिवकुमारी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
उसे बचाने के लिए पति और साथ मौजूद युवक ने काफी प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। बाद में परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


