सरगुजा
एफआईआर के बाद पूर्व डिप्टी सीएम ने किया माल्यार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 अप्रैल। शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। सरगुजा युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकल झा पर एफआईआर दर्ज होने के बाद पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंह देव ने भी प्रतिमा स्थल पहुंचकर माल्यार्पण किया और घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी।
पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद जी की प्रतिमा के पास जो पोस्टर लगा हुआ है, उसमें भाजपा का फूल लगा हुआ है, ऐसी जानकारी मिल रही है कि इसका पेमेंट नगर निगम ने किया है, इसकी जांच होनी चाहिए।
विकल झा को लेकर उन्होंने कहा कि युवा वर्ग भावनात्मक होता है और कई बार इन्हीं सब बातों से उत्साह में उद्वेलित हो जाते है। उन्होंने कहा कि विकल झा जिस उद्देश्य से वहां पहुंचे थे, ऐसा प्रतीत होता है कि वे उस उद्देश्य से आगे बढ़ गए।
गौरतलब है कि नगर निगम के सहायक अभियंता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि निर्धारित कार्यक्रम से पहले ही देर रात प्रतिमा का अनावरण कर दिया गया था, जिससे प्रशासनिक तैयारियों में बाधा उत्पन्न हुई।
इस पूरे मामले को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और विभिन्न दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


