सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 10 अप्रैल। लखनपुर क्षेत्रांतर्गत अमेरा कोयला खदान एक बार फिर विवादों को लेकर सुर्खियों में है। ठेकेदार और दैनिक वेतनभोगी मजदूरों के बीच हुए विवाद और मारपीट के बाद खदान में तनाव का माहौल बन गया है। घटना के बाद मजदूरों ने एलसीसी कंपनी के खिलाफ हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे खदान का काम पूरी तरह ठप हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेरा ओपन कास्ट परियोजना के पुन: प्रारंभ होने के बाद कोयला निकालने का कार्य एलसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। बुधवार देर रात ओवरटाइम कार्य को लेकर कंपनी के ठेकेदार और दैनिक वेतनभोगी मजदूरों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
मजदूरों का आरोप है कि उनसे सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक जबरन काम लिया जाता है तथा विरोध करने पर लाठी-डंडे का डर दिखाया जाता है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें नियमानुसार वेतन का भुगतान नहीं किया जाता और निर्धारित समय से अधिक काम कराया जाता है।
वहीं कंपनी के मैनेजर राघवेंद्र पांडेय ने मजदूरों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ मजदूर शराब के नशे में थे और हल्ला-गुल्ला करते हुए अभद्रता कर रहे थे, जिसके कारण हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। उनका कहना है कि आठ घंटे से अधिक स्वेच्छा से किए गए ओवरटाइम का भुगतान नियमानुसार किया जाता है।
घटना की सूचना मिलने पर देर रात एसडीओपी तुल सिंह पट्टवी पुलिस टीम के साथ खदान पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान पुलिस और मजदूरों के बीच तीखी बहस भी हुई, लेकिन बाद में मामला शांत करा लिया गया। फिलहाल इस संबंध में थाने में कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
घटना के बाद दैनिक वेतनभोगी मजदूरों ने बुधवार रात से काम बंद कर दिया है, जिससे खदान में उत्पादन ठप हो गया है और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
इधर मजदूर इंटक संघ के पदाधिकारी भी खदान पहुंचे और मजदूरों से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से चर्चा की तथा उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।


