सरगुजा
जिलाध्यक्ष ने बताया वायरल पत्र नकली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 अप्रैल। सरगुजा जिला के मैनपाट क्षेत्र में एक विधवा महिला का मकान तोड़े जाने की कार्रवाई से नाराज होकर भाजपा मंडल मैनपाट के मंडल महामंत्री गौतम पैकरा के कथित त्यागपत्र दिए जाने की प्रति सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। जिसे लेकर भाजपा सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने इस्तीफा को नकली बताया है।
वायरल कथित त्यागपत्र के मुताबिक मंडल महामंत्री गौतम पैकरा ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया है। यह भी उल्लेख किया गया है कि उनकी विधवा बहन ग्राम पंचायत रोपाखार, तहसील मैनपाट में भूमि के एक हिस्से पर घर बनाकर निवास कर रही थी, जिसके लिए उसे वन अधिकार पत्र भी प्राप्त हुआ था। हालांकि पति की मृत्यु और जानकारी के अभाव में जारी वन अधिकार पत्र में खसरा नंबर में त्रुटि हो गई थी। बाद में त्रुटि सुधार के लिए कलेक्टर कार्यालय में आवेदन भी दिया गया था।
आरोप है कि इसी दौरान अंबिकापुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर तहसील मैनपाट द्वारा महिला के निर्माण को अवैध बताते हुए मकान तोड़ दिया गया। त्यागपत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मैनपाट क्षेत्र के कई गांवों में वर्षों से अवैध अतिक्रमण हटाने के आदेश होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई, जबकि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की गई।
वायरल कथित त्यागपत्र में भाजपा नेता ने लिखा है कि वर्ष 1992 से वह और उनका परिवार पार्टी के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करता आ रहा है, लेकिन इस मामले में प्रशासनिक और राजनीतिक सहयोग नहीं मिलने से आहत होकर उन्होंने मंडल महामंत्री, सक्रिय सदस्यता तथा प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
इस मामले की पुष्टि को लेकर सरगुजा बीजेपी जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि मंडल महामंत्री के बहन का घर जरूर टूटा है, लेकिन इस्तीफा मंडल महामंत्री द्वारा नहीं दिया गया है, किसी ने नकली त्याग पत्र जारी कर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।


