सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
विश्रामपुर, 7 अप्रैल। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) छत्तीसगढ़ राज्य के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा के प्रथम विश्रामपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। का. पंकज गर्ग के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर कार एवं मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एटक कार्यालय पहुंची। यहां नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठित क्षेत्र के साथ-साथ असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि उनकी स्थिति आज भी चिंताजनक बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को कार्य के घंटे, वेतन, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों में अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र सरकार द्वारा लागू चार श्रम संहिता (लेबर कोड) विधेयकों को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इन प्रावधानों से मजदूर वर्ग के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। श्रम कानूनों में बदलाव, निजीकरण, ठेका प्रथा का विस्तार और रोजगार की असुरक्षा जैसे मुद्दे आने वाले समय में प्रमुख रूप से उभर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अजय विश्वकर्मा ने स्वागत रैली के सफल आयोजन के लिए एटक के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।