सरगुजा

कालीदास महाविद्यालय की मूलभूत समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
08-Apr-2026 4:26 PM
कालीदास महाविद्यालय की मूलभूत समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन,  आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर,7 अप्रैल। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने शासकीय कालीदास महाविद्यालय प्रतापपुर में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। यह ज्ञापन कलेक्टर सूरजपुर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर के माध्यम से सौंपा गया।

एनएसयूआई पदाधिकारियों ने बताया कि विकासखंड प्रतापपुर का एकमात्र शासकीय महाविद्यालय लंबे समय से जर्जर भवन, टूटी बाउंड्रीवॉल, खराब शौचालय एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में संचालित हो रहा है। महाविद्यालय भवन की स्थिति जर्जर होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा का खतरा भी बना हुआ है। भवन के कई हिस्सों में क्षति होने के कारण किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

विद्यार्थियों ने बताया कि महाविद्यालय परिसर की बाउंड्रीवाल कई स्थानों पर टूटी हुई है, जिससे असामाजिक तत्वों का आवागमन बना रहता है। इससे शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होने के साथ छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ है। इसके अलावा महाविद्यालय के शौचालयों की स्थिति अत्यंत खराब एवं अस्वच्छ बताई गई है, जहां नियमित साफ-सफाई नहीं होने से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गर्मी के मौसम को देखते हुए एनएसयूआई ने महाविद्यालय में स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है। विद्यार्थियों का कहना है कि वर्तमान में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें बाहर से पानी लाना पड़ रहा है।

एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष विनय कुमार चौधरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में महाविद्यालय भवन की मरम्मत, टूटी बाउंड्रीवाल का निर्माण, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई तथा स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई है। इस दौरान जिला महासचिव तनवीर अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष (शहरी) रिजवान, अंजली आयम, राजा हसन, कमलेश रवि, नीता बघेल, दीपक, गोलू राजवाड़े, राहुल सिंह, बिट्टू कुमार, रितेश लकड़ा, राजन काशी, अभय सिंह, प्रकाश पैकरा, आयान एवं अमानत अंसारी सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष विनय कुमार चौधरी ने कहा कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

उन्होंने प्रशासन से सात दिवस के भीतर समस्याओं का समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समयावधि में निराकरण नहीं होने पर एनएसयूआई छात्र हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।


अन्य पोस्ट