सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,7 अप्रैल। होलीक्रॉस विमेन्स कॉलेज में फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंस के तत्वावधान में मंगलवार को ‘इंटरडिसिप्लिनरी फ्रंटियर्स इन लाइफ साइंस-2026’ विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सि. शाता जोसफ के संयोजन एवं मार्गदर्शन में किया गया।
संगोष्ठी का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्रा आयुषी खाखा एवं उनके समूह द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं की-नोट स्पीकर के रूप में प्रो. प्रेम प्रकाश सिंह उपस्थित रहे, जिन्होंने प्लेनरी लेक्चर देते हुए लाइफ साइंस के क्षेत्र में अंतरविषयक अनुसंधान के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में प्रो. एम.एल. नायक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. रिजवान उल्लाह एवं प्रो. राकेश कुमार सिंह शामिल हुए। अतिथियों द्वारा महाविद्यालय से प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी की संक्षेपिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. सि. शाता जोसफ ने संगोष्ठी के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं सह-संयोजक एवं विभागाध्यक्ष माइक्रोबायोलॉजी डॉ. अशोक कुमार शुक्ला ने ओपनिंग रिमार्क प्रस्तुत किए। इस अवसर पर अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं स्टोल प्रदान कर सम्मान किया गया।
संगोष्ठी के सफल आयोजन में स्वामी प्रकाश एवं डॉ. अनुश्री केशरी का विशेष योगदान रहा। इस दो दिवसीय संगोष्ठी में राज्य के विभिन्न जिलों के साथ देश-विदेश के विद्वान ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े तथा शोधार्थियों द्वारा अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों आलोक चक्रवर्ती, जग नारायण सिरदार एवं मयंक सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।